
चाकुलिया : चाकुलिया दौरे पर पहुंचे उपायुक्त सूरज कुमार ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड के सभागार में प्रखंड कर्मियों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने प्रखंड में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की. बैठक में उपायुक्त ने प्रखंड के जुगितुपा और चंदनपुर पंचायत में पीएम आवास निर्माण संतोषजनक न पाने पर दोनों ही पंचायत के पंचायत सचिव का अगले आदेश तक मानदेय रोकने का निर्देश दिया है. वही माटियाबांधी पंचायत के रोजगार सेवक को कम मजदूरों को रोजगार देने के लिए स्पष्टीकरण किया है. बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने सभी प्रखंड कर्मियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा पारित योजनाओं का निष्पादन ससमय पूरा करें. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने जिस पंचायत में पांच ऑन गोइंग योजना नहीं है उन पंचायतों में 31 जनवरी तक योजना का चयन कर कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया. प्रखंड कर्मियों के साथ बैठक करने के पश्चात उपायुक्त ने बीएलबीसी की बैठक की. इस दौरान उन्होंने प्रखंड के सभी बैंक के प्रबंधकों के साथ बैठक कर केसीसी लोन की जानकारी प्राप्त की. वहीं कालापाथर एसबीआई के प्रबंधक के कार्य से असंतुष्ट होकर स्पष्टीकरण किया गया है. बैठक में डीडीसी परमेश्वर भगत, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर सौरभ सिन्हा, निदेशक डीआरडीए ज्योत्स्ना कुमारी, घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी सत्यवीर रजक, बीडीओ देवलाल उरांव समेत सभी प्रखंडकर्मी और बैंक प्रबंधक उपस्थित थे.




