गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत झाटीझरना पंचायत के फुलझोर गांव के पास जंगल में शुक्रवार को एक युवक की सड़ी-गली लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण बकरी चराने जंगल की ओर गए थे. इसी दौरान ग्रामीणों की नजर वहां पड़ी लाश पर पड़ी. इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना गालूडीह पुलिस को दी. सूचना पर एसआइ मिथिलेश कुमार मौर्या और अजय बागे ने फुलझोर गांव पहुंच कर मामले की जांच की. पुलिस ने बताया कि शव की शिनाख्त कर ली गई है. जांच-पड़ताल और पूछताछ में मृतक की पहचान फुलझोर गांव निवासी 42 वर्षीय सरोजीत मुंडा के रूप में हुई है. पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवा दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

मृतक के परिजनों ने बताया कि सरोजीत तीन भाइयों में सबसे बड़ा था. गांव में चाय दुकान चलाकर जीवन यापन कर रहा था. वह विगत 27 जून से लापता था. उन्होंने अपने सभी रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से संपर्क कर सरोजीत का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इधर सरोजीत का शव बरामद होने के बाद से पिता लेधरा मुंडा, मां ज्योत्सन मुंडा, भाई भक्तू मुंडा और नारायण मुंडा का रो-रोकर बुरा हाल है.



