चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के पश्चिम बंगाल सीमा से सटे सरडीहा पंचायत के बांकशोल गांव के सबरटोला के पास बुधवार की शाम एक जंगली हाथी ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल व्यक्ति की पहचान बांकशोल गांव निवासी खोगेन हेंब्रम के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार खोगेन हेंब्रम अपनी साइकिल पर सवार होकर अपने घर से ससुराल सरडीहा जा रहे थे. इसी दौरान बांकशोल गांव के सबर टोला के पास अचानक एक जंगली हाथी उनके सामने आ गया और उन पर हमला बोल दिया. (नीचे भी पढ़े)
हाथी ने उन्हें पटक दिया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए.घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही वनरक्षी किरण मंडल भी मौके पर पहुंचे और घायल की स्थिति को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए झाड़ग्राम ले जाने में सहायता की. फिलहाल झाड़ग्राम के अस्पताल में खोगेन हेंब्रम का उपचार चल रहा है जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. क्षेत्र में हाथी के इस हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.







