
चाकुलिया : हाथियों का आतंक दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। हाथी जंगल से निकलकर अब शहर में अपनी धमक जमा रहे हैं। विगत दिनों एक हाथी ने प्रखंड कार्यालय से सटे बाजपेई नगर में प्रवेश कर दूधनाथ सिंह के मकान में भाड़े पर रह रहे साह के घर के दरवाजा तोड़कर घर में रखे आलू, इमली को खा गया था और उनकी मोपेट और ठेला को क्षतिग्रस्त किया था। रविवार-सोमवार की रात एक हाथी ने पुनः बाजार क्षेत्र में प्रवेश कर रातभर इधर-उधर घुमकर जमकर उत्पात मचाया है। हाथी ने नागा बाबा मंदिर की चारदीवारी को भी तोड़ दिया है। प्रखंड कार्यालय से सटे बाजपेई नगर निवासी सपन महतो के घर को क्षतिग्रस्त कर घर में रखे महुआ और 50 किलो चावल खा गया है। रात में हाथी ने एफसीआई के 400 फूट चहारदीवारी और स्वर्णरेखा कॉलोनी की चहारदीवारी को तोड़ दी है। एफसीआई गोडाउन में चावल लेकर पहुंचे ट्रक से भी हाथी ने 4-5 बैग उतार कर खाकर और छिटकर बर्बाद कर दिया है। एक हाथी ने रातभर घुम घुमकर खाने की तलाश में तोड़फोड़ किया है इससे रातभर ग्रामीण घरों में दुबक कर हाथी के भय से किसी तरह रात गुजारी है। विदित हो कि हाथियों का झुंड कई हिस्सों में बंटकर चाकुलिया वन क्षेत्र में उत्पात मचाया हुआ है इससे ग्रामीणों में हाथियों के आतंक से भय व्याप्त है वही वन विभाग के पदाधिकारियों के खिलाफ आक्रोश है।





