बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के पाथरा पंचायत क्षेत्र के सालदोहा गांव में एक हाथी का उत्पात पिछले कई दिनों से जारी है. हाथी बेखौफ होकर गांवों में घूम रहा है. हाथी जिस गांव में भी घुस रहा है, वहां लोग जान बचा कर भागने को विवश हैं. हाथी ने गांव के कई किसानों के खेतों में लगी सब्जियों की फसल को बर्बाद कर दिया. बुधवार की रात को उक्त हाथी पाथरा जंगल में था. जंगल से वह सालदोहा बस्ती पहुंचा और वहां से अचानक मानुषमुड़िया मुख्य पथ पर आ धमका, जिस समय हाथी सालदोहा बस्ती में घुसा. (नीचे भी पढ़ें)
उस समय अफरा-तफरी का माहौल रहा. लोग जान बचा कर इधर-उधर भागे. बाद में काफी मशक्कत के बाद हाथी को फिर से पाथरा जंगल में खदेड़ा गया. लेकिन गांव के लोगों में दहशत कम नहीं हुई है. क्योंकि हाथी कभी भी गांव में घुस सकता है. हाथी के डर से लोग डरे-सहमे रहने लगे हैं. शाम होते क्षेत्र के लोगों का आवागमन बंद हो गया है. लोगों ने प्रशासन से हाथी को क्षेत्र से खदेड़ने की मांग की है. प्रशासन ने लोगों से हाथी से छेड़छाड़ नहीं करने व हाथी के नजदीक नहीं जाने की अपील की है.



