जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका घाटशिला और आसपास के रेल यात्रियों के लिए शुक्रवार का दिन महत्वपूर्ण रहा. क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद 11 सितंबर से घाटशिला स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण जोड़ी ट्रेनों का नियमित ठहराव शुरू हो गया. इनमें 12859/12860 हावड़ा–छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस–हावड़ा गीतांजलि सुपरफास्ट एक्सप्रेस तथा 12129/12130 हावड़ा–पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस शामिल हैं. दोनों ट्रेनों के घाटशिला स्टेशन पर ठहराव शुरू होने के अवसर पर शुक्रवार को स्टेशन परिसर में विशेष समारोह आयोजित किया गया. समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, रेल यात्री, जनप्रतिनिधि और रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे. समारोह के दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन एवं हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर उमेश सिंह की मौजूदगी में गाड़ी संख्या 12860 हावड़ा–छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस गीतांजलि सुपरफास्ट एक्सप्रेस को घाटशिला स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. (नीचे भी पढ़ें)

घाटशिला स्टेशन पर अपने प्रथम निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन मुंबई के लिए रवाना हुई. इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि घाटशिला में इन दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधा की मांग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि इससे घाटशिला और आसपास के यात्रियों को हावड़ा के साथ-साथ मुंबई और पुणे जैसे प्रमुख शहरों तक सीधी रेल यात्रा की बेहतर सुविधा मिलेगी. वहीं, घाटशिला स्टेशन पर गीतांजलि सुपरफास्ट और आजाद हिंद एक्सप्रेस के ठहराव से स्थानीय व्यापार, उद्योग, शिक्षा और रोजगार के सिलसिले में बड़े शहरों की यात्रा करने वाले लोगों को भी काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है. विशेष रूप से मुंबई और पुणे जाने वाले यात्रियों को अब अपने सफर की योजना बनाने में अधिक सुविधा होगी. समारोह में खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार समेत मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा जेडआरयूसीसी और डीआरयूसीसी के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में घाटशिला के स्थानीय निवासी और रेल उपयोगकर्ता समारोह में शामिल हुए. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों जोड़ी ट्रेनों के घाटशिला स्टेशन पर ठहराव से क्षेत्र की रेल सेवा को नई मजबूती मिलेगी. गीतांजलि सुपरफास्ट एक्सप्रेस के माध्यम से यात्रियों को मुंबई जैसे प्रमुख महानगर से बेहतर संपर्क मिलेगा, जबकि आजाद हिंद एक्सप्रेस का ठहराव पुणे सहित अन्य महत्वपूर्ण गंतव्यों तक पहुंच को आसान बनाएगा. घाटशिला में दोनों ट्रेनों के ठहराव को लेकर स्थानीय रेल यात्रियों में भी उत्साह देखा गया. लोगों का कहना है कि नई सुविधा से न केवल दैनिक और लंबी दूरी के यात्रियों को लाभ होगा, बल्कि घाटशिला क्षेत्र के औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है. रेलवे की इस पहल से घाटशिला की हावड़ा, मुंबई और पुणे जैसे प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्रों से रेल कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है. क्षेत्र के लोगों ने इसे घाटशिला के विकास और बेहतर यात्री सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है.




