जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने वारिस कॉलोनी के बेहरा बगान स्थित एक मकान में छापामारी कर 3 किलो 680 ग्राम गांजा और गांजे की 1299 पुड़ियां बरामद की है. मौके से 6,590 रुपये नकद, मोबाइल फोन, गांजा पैक करने का सामान और गांजे की बिक्री से भुगतान लेने के लिए दो क्यूआर कोड भी बरामद किए गए हैं. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है. (नीचे भी पढ़ें)
आजादनगर थाना पुलिस को 10 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि वारिस कॉलोनी, बेहरा बगान रोड नंबर-4 स्थित एक मकान से गांजे की अवैध बिक्री और आपूर्ति की जा रही है. सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने मकान में विधिवत तलाशी ली, जहां से 3.680 किलोग्राम गांजा कुल 1299 पुड़ियों में बरामद किया गया. पुलिस ने मौके से 59 वर्षीय विनीता तिर्की और उसके सहयोगी 69 वर्षीय अब्दुल शकील को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि मकान का इस्तेमाल गांजा को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक करने और उसकी बिक्री के लिए किया जा रहा था. पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि गांजा बुंडू, रांची के धोनी नामक व्यक्ति से प्राप्त किया जाता था और आजादनगर, कपाली तथा मानगो के आसपास के इलाकों में इसकी बिक्री की जाती थी. (नीचे भी पढ़ें)
छापामारी के दौरान पुलिस ने नगद 6 हजार 590 रुपये, एक कीपैड मोबाइल, गांजा पैक करने के लिए प्लास्टिक रैपर, दो क्यूआर कोड, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किये हैं. इस मामले में आजादनगर थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं, पूछताछ में सामने आए बुंडू निवासी धोनी की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.




