जादूगोड़ा : दीपावली के अवसर पर सेवा समर्पण संस्था की ओर से झरिया गांव में जरूरतमंद सबर परिवारों के बीच वस्त्र, दीये, तेल, मिठाइयां एवं पटाखे वितरित किये गए. सामग्रियां पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी खिल उठी. सेवा समर्पण संस्था की इस पहल ने बताने की कोशिश की कि दीपावली की असली रौशनी दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने और मिल-जुलकर त्योहार मनाने से आती है. (नीचे भी पढ़ें)
इस कार्यक्रम में समाजसेवी विमल बैठा उपस्थित रहे. उन्होंने सेवा समर्पण संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए गांव के लोगों को विशेष सहयोग भी प्रदान किया, ताकि सभी ग्रामीण मिल-जुलकर दीपावली के दिन अच्छा भोजन बना सकें और त्योहार की खुशियां एक साथ मना सकें. उनके इस सहयोग से ग्रामीणों में काफी उत्साह और खुशी देखने को मिली. संस्था के अध्यक्ष विभूति भूषण जेना ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के वंचित परिवारों तक खुशियों की रौशनी पहुंचाना है. इस अवसर पर संस्था की सचिव कुमुद शर्मा, मनीषा शर्मा, चंदन, मृत्युंजय पांडेय, शशि पांडेय, हरप्रीत, सूरज, सोनू साव, श्रवण पांडेय, पंकज जी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.












