जादूगोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने के उद्देश्य से उपायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को जादूगोड़ा के माटीगोड़ा पंचायत भवन में केन्दाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया. स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन केंद्र के प्रभारी डॉ सुंदरलाल मार्डी, जिला कार्यक्रम समन्वयक हकीम प्रधान, बीपीएम सूरज पुर्ती, प्रमुख रामदेव हेंब्रम, जिला पार्षद लक्खी मार्डी, पूर्व जिला पार्षद, ग्राम प्रधान मनोरंजन महतो व मुसाबनी अंचलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया. (नीचे भी पढ़ें)
स्वास्थ्य मेले में मलेरिया, कुष्ठ रोगी, टीबी, मधुमेह, परिवार नियोजन, कुपोषित बच्चों, रक्त चाप, परिवार नियोजन, गर्भवती माताओं की जांच, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना, आयुष्मान कार्ड, आभा कार्ड, का कैंप लगाया गया था जिसमें कुल 408 लोगों ने अपने नाम पंजीकृत करा स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया. मौके पर बोलते हुए केंद्र के प्रभारी डॉक्टर सुंदरलाल मार्डी ने कहा कि जिला खनिज मिनरल फंड से कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका मकसद वैसे लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना था जहां केंदाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक लोग नहीं पहुंच पाते हैं व रोग से ग्रसित हैं. कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों समेत स्वास्थ्य कर्मियों ने अहम योगदान किया.



