
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा के नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट के असिस्टेंट फॉरमेन संतोष कुमार बारिक ( 55) के ऊपर अचानक पेड़ गिरने से उनकी मौत हो गयी. घटना 24 जुलाई की रात्रि 11 बजे की है. घटना के बाबत बताया जाता है कि यूसील अधिकारी संतोष कुमार बारीक बी शिफ्ट पाली में ड्यूटी खत्म करने के बाद रात्रि 11 बजे घर जा रहे थे. कंपनी माइंस गेट से दो कदम जैसे ही आगे बढ़े कि छह इंच मोटा और 15 फीट लंबा पेड़ अचानक उनके सिर पर जा गिरा. (नीचे भी पढ़ें)
आनन – फानन में उन्हें उठाकर नरवा कंपनी अस्पताल से टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मंगलवार को देर संध्या उसके शव को पोस्टमार्टम के बाद नरवा पहाड़ आवासीय कॉलोनी स्थित बी टाइप क्वार्टर लाया गया जहां शव आते ही मातम छा गया. उसके परिजनों का रो – रो कर बुरा हाल है. संतोष कुमार बारीक अपने पीछे दो बेटियां पत्नी समेत भरा परिवार छोड़ गए है.














