चाकुलिया: चाकुलिया के भालुकबिंदा के पास स्मारक स्थल पर स्वतंत्रता आंदोलन एवं हूल विद्रोह के नायक वीर शहीद चानकु महतो का 169 वां शहादत दिवस के उपलक्ष्य में राज्यपाल संतोष गंगवार उपस्थित हुए. राज्यपाल श्री गंगवार ने शहीद स्वतंत्रता सेनानी चानकु महतो की मूर्ति का अनावरण किया. इससे पूर्व राज्यपाल को गॉड ऑफ ऑनर दिया गया. मूर्ति अनावरण के अवसर पर मुख्य अतिथि राज्यपाल के साथ सांसद विद्युत वरण महतो, ओड़िशा राज्यसभा सदस्य ममता महंता, अमित महतो और शीतल अहलदार भी उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़े)

राज्यपाल का स्वागत सांसद विद्युत वरण महतो ने गुलदस्ता देकर और समिति के संरक्षक हरिशंकर महतो ने पारंपरिक अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. मंच को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि शहीद चानकु महतो की मूर्ति का अनावरण के पावन अवसर पर उपस्थित होकर उन्हें काफी खुशी हुई है. हमारा भारत देश वीरों और बलिदानियों की भूमि रही है. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने कहा कि शहीद चानकु महतो ना केवल एक क्रांतिकारी थे,बल्कि अपने समाज के प्रति समर्पित एक सच्चे जननायक थे. उनका जीवन साहस,नेतृत्व और आत्मबलिदान का एक प्रमुख उदाहरण था. आपन माटी, आपन दाना, पेट काटी, नाई देबो खजाना क्रांतिकारी नारे ने ना केवल ब्रिटिश सत्ता को चुनौती दी बल्कि जनमानस में भी चेतना को भर दिया. शहीद चानकु महतो को15 मई 1856 में गोड्डा की राजकचहरी क्षेत्र स्थित कझिया नदी के किनारे फांसी दी गई थी. यह केवल एक व्यक्ति की मृत्यु नहीं बल्कि संघर्ष का बलिदान था. हमें संकल्प लेना चाहिए कि अपने जीवन में ऐसे कार्य करें जिससे राज्य और समाज को लाभ हो. (नीचे भी पढ़े)

हाल ही में 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को आक्रोश से भर दिया. हमले में निर्दोष मासूमों को धर्म पूछकर उनके परिवार के सामने बेरहमी से मार डाला गया. ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर उनकी ट्रेनिंग सेंटर पर सटीक प्रहार किया. उन्होंने कहा कि अपनी पराक्रमी सैनिकों को इसके लिए सलाम करता हूं. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इस आतंकी हमले के जिम्मेदार आतंकियों और साजिशकर्ताओं को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा दी जाएगी. उन्होंने कहा कि शहीद चानकु महतो की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र प्रेम की प्रेरणा देती रहेगी. (नीचे भी पढ़े)

झारखंड वीरों की भूमि: सांसद विद्युत महतो
जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि झारखंड वीरों की भूमि है. चूहाड़ विद्रोह के रघुनाथ महतो से मिलकर भागलपुर में बाबा तिलका माझी, सिद्धो- कान्हो, भगवान बिरसा मुंडा समेत अनेक सपूतों ने अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन किया था और अंग्रेजों को भारत छोड़ो का नारा दिया था. उन्होंने कहा कि शहीद चानकु महतो के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा. मौके पर उपायुक्त अनन्य मित्तल, वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल, एडीएम अनिकेत सचान, ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र, अंचल अधिकारी नवीन पूरती, बीडीओ आरती मुंडा, नगर पंचायत के प्रशासक चंदन कुमार, जिला परिषद सदस्य धरित्री महतो, रायदे हांसदा, मुखिया मोहन सोरेन, कुड़मी संस्कृति विकास समिति के केंद्रीय अध्यक्ष सपन कुमार महतो, कोकिल चंद्र महतो , मनोरंजन महतो, चंदन महतो, जगन्नाथ महतो,गिरीश चंद्र महतो, दिलीप कुमार महतो, समेत सैकड़ों पुरुष और महिलाएं उपस्थित थे.



