गालूडीह: जोड़सा गांव के उड़ियागोड़ा मैदान में शनिवार को देशवा करम महोत्सव का आयोजन हुआ. महोत्सव में गालूडीह समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे. कार्यक्रम की शुरुआत गालूडीह आंचलिक मैदान से निकले करम जुलूस से हुई. जुलूस में महिलाएं पीली साड़ी पहनकर शामिल हुईं. डीजे की धुन पर नाचते हुए महिलाएं और युवा उड़ियागोड़ा मैदान पहुंचे. शाम को करम नाच प्रतियोगिता आयोजित हुई. (नीचे भी पढ़े)
इसमें विभिन्न गांवों की टीमों ने मांदर और पारंपरिक गीतों के साथ प्रस्तुति दी. निलचीगढ़िया करम दल ने पहला स्थान हासिल कर 20 हजार रुपये का पुरस्कार जीता. कुलडीहा सखी संघ दूसरे स्थान पर रहा, जिसे 15 हजार रुपये मिले. जय बाबा भोलेनाथ बेड़ादा की टीम तीसरे स्थान पर रही और उसे 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया.(नीचे भी पढ़े)
झुमुर गीतों पर झूमे दर्शक: महोत्सव में ओड़िशा की सुलोचना देवी और गुलशन महतो ग्रुप के कलाकारों ने झुमुर गीत और नृत्य प्रस्तुत किया. कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया. कार्यक्रम में करम पर्व की लोक परंपरा और ग्रामीण संस्कृति की झलक दिखी. देर शाम तक उड़ियागोड़ा मैदान में लोगों की भीड़ जुटी रही.




