जमशेदपुर: रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’के तहत रेलवे सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है. आरपीएफ टाटा और जीआरपी टाटा की संयुक्त कार्रवाई में एक मोबाइल चोर को चोरी किए गए मोबाइल फोन के साथ टाटानगर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया.गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तम पासी (37 वर्ष) के रूप में हुई है. वह नवाडीह, बोकारो का निवासी बताया गया है. रेलवे पुलिस के अनुसार, उत्तम पासी ने 25 सितंबर 2026 की शाम टाटा-यशवंतपुर ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला यात्री के पास से मोबाइल फोन चोरी किया था. (नीचे भी पढ़े)
घटना के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने मामले की जांच शुरू की और संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को चोरी के मोबाइल के साथ टाटानगर रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया.गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है. पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर मोबाइल चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता और संभावित आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. यह पूरी कार्रवाई मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ, चक्रधरपुर मंडल तथा रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में की गई. अभियान का नेतृत्व आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद ने किया. आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई को रेलवे यात्रियों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.




