चाकुलिया : पद्मश्री जमुना टुडू ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से शिष्टाचार भेंट की. जमुना टुडू ने इस दौरान उन्हें एक मांग पत्र सौंप कर उनसे चाकुलिया में हवाई अड्डा बनाने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
उड्डयन मंत्री को सौंपे मांग पत्र में जमुना टुडू ने कहा है कि चाकुलिया से रांची और कोलकाता दोनों की दूरी लगभग ढाई सौ किलोमीटर है. इस बीच कोई एयरपोर्ट नहीं है, जिससे क्षेत्र के लोगों को फ्लाइट से आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व चाकुलिया से धलभूमगढ़ 18 किलोमीटर की दूरी पर एक एयरपोर्ट बनने की स्वीकृति मिली थी, किन्तु बाद में पता चला कि केंद्र सरकार ने हाथियों के आने जाने की बात कहकर उसे नामंजूर कर दिया है.(नीचे भी पढ़ें)
जमुना टुडू ने मंत्री को बताया कि अगर धालभूमगढ़ में एयरपोर्ट बनने में कोई सरकारी अड़चन है तो वैकल्पिक रूप में चाकुलिया में एयरपोर्ट बनाया जा सकता है. चाकुलिया में एयरपोर्ट बनाने के लिए करीब 600 एकड़ जमीन उपलब्ध है. चाकुलिया में एयरपोर्ट बनाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा अपने स्तर से कुछ साल पहले सर्वे करा चुके हैं. उन्होंने कहा कि चाकुलिया में एयरपोर्ट बनने से झारखंड, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल, तीनों राज्यों के यात्रियों को आने-जाने में सुविधा होगी.(नीचे भी पढ़ें)
मंत्री श्री सिंधिया ने जमुना टुडू की बातें गंभीरता पूर्वक सुनने के बाद उन्होंने इस मामले में पुनर्विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि चाकुलिया प्रखंड में एयरपोर्ट बनाने के लिए जो भी सहायता करनी है वे जरूर करेंगे. उन्होंने जमुना टुडू द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किये जा रहे उल्लेखनीय कार्य का उल्लेख करते हुए इस कार्य में उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया. जमुना टुडू के साथ पूर्व बीस सूत्री ध्यक्ष शंभुनाथ मल्लिक एवं मान सिंह टुडू भी मौजूद थे.











