घाटशिला : एचसीएल/आईसीसी कंपनी के अस्थाई मजदूरों की समस्या को लेकर झारखंड श्रमिक संघ के घाटशिला प्रखंड अध्यक्ष काजल डॉन व सचिव फेबियन तिर्की के नेतृत्व में कंपनी के एचआर हेड एस लोहरा से भेंटकर उनसे अस्थाई मजदूरों के टेंडर के बारे में जानकारी ली. प्रबंधन टाल-मटोल वाली नीति के तहत कहा कि टेंडर में कुछ तकनीकी समस्या होने के कारण और 15 दिन से एक महीना लगेगा. काजल डॉन ने कहा कि अस्थाई मजदूर अब और समय देने की स्थिति में नहीं हैं, क्योंकि मैनेजमेंट शुरू से ही 10 दिन 15 करके टालने का काम कर रही है.(नीचे भी पढ़े)

उन्होंने एक ज्ञापन देते हुए मैनेजमेंट को कहा कि आपकी समस्या से हमें लेना देना नहीं है. अब हमारा संगठन आपको सप्ताह भर का वक्त देता हैं. अगर एक सप्ताह के अंदर समस्या का समाधान नहीं होता है तो उसके बाद विधायक से बात कर जोरदार आंदोलन करेंगे. इसके बाद हम लोग आपके आफिस में बात करने नहीं आएंगे. क्योंकि मजदूरों कि स्थिति बहुत ही दयनीय हो गई है. मजदूरों के घर पर खाने के लिए एक दाना नहीं है. मौके पर मृत्युंजय यादव, प्रताप दास, दिल बहादुर सोनार, मंगल मुर्मू, श्याम, सुप्रिया सेन समेत काफी संख्या में मजदूर शामिल थे.











