
चाकुलिया : कोरोना संक्रमण के कारण राज्य सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा की है. वही घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत बहरागोड़ा, चाकुलिया, घाटशिला, धालभूमगढ़ व मुसाबनी प्रखंड में स्थानीय प्रशासन द्वारा लॉकडाउन को सख्ती से पालन कराने के लिए लगातार सड़कों पर उतरकर जांच अभियान चलाकर कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है. लगातार कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव से ग्रामीण भी दहशत में है. लोग चाहकर भी कोरोना के डर से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं. लोग अब कोरोना के प्रति जागरूक हो गये हैं जरूरत के अनुरूप ही ग्रामीण अपने घर से मास्क पहनकर निकल रहे हैं और अपने काम निपटाकर जल्द ही घर लौट रहे हैं. कोरोना के प्रति लोगों में इस कदर डर है कि दोपहर 12 बजे चाकुलिया की मुख्य सड़क पर सन्नाटा पसर गया है और जरूरत की दुकानें छोड़कर सभी दुकान बंद है.




