जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार खनन टास्क फोर्स द्वारा अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इस क्रम में मंगलवार की देर रात जिला खनन कार्यालय की टीम ने पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बालू लदे एक हाइवा को जब्त किया. जांच में हाइवा पर लगभग 500 सीएफटी बालू लदा पाया गया, जिसके संबंध में वैध परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके. कार्रवाई के क्रम में हाइवा संख्या ओडी19बी-9810 को जब्त कर लिया गया. प्रारंभिक जांच के अनुसार उक्त बालू ओडिशा से लाया जा रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
अवैध रूप से बालू के परिवहन किए जाने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन एवं बालू को जब्ती में लिया गया है. मामले में कोवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है तथा संबंधित प्रावधानों के तहत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. जिला प्रशासन द्वारा जिले में अवैध खनन, बालू के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले वाहनों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.







