गालूडीह : झारखंड सरकार के निर्देशानुसार झारखंड के सभी लैंपसो में धान क्रय केन्द्र की शुरुआत की जा रही है। इसी कड़ी में घाटशिला लैंपस में भी घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामदास सोरेन ने शुक्रवार को घाटशिला प्रखंड प्रमुख सुशीला टुडू, गोपालपुर ग्राम पंचायत के मुखिया शांखी हांसदा के द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर धान क्रय केन्द्र का उद्घाटन किया गया। ग्रामीण एवं किसानों को संबोधित करते हुए विधायक रामदास सोरेन ने कहा कि अभी किसान यहां पर अपने उपजाए धान को लाकर सरकार के द्वारा निर्धारित मूल्य 2050 रुपये प्रति क्विंटल की दर से विक्रय कर सकते हैं। झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार किसानों की हितैषी सरकार है। इसी के फलस्वरूप सरकार ने चुनावी वादा किसानों का ऋण माफी को अमलीजामा पहना कर दिखा दिया है। (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि हमारे मेहनती किसान धूप और बारिश में मेहनत कर धान उपजाते हैं, परंतु बिक्री के समय उनकों उनकी वाजिब दाम नहीं मिल पाता है एवं दलाल के चक्कर में पड़कर औने-पौने दाम मे बिचौलियों को बेच देते हैं। इसी को ध्यान में रखकर इस तरह का धान अधिप्राप्ति केन्द्र सरकार के द्वारा खोला जा रहा है। वर्तमान सरकार झारखंडियों की सरकार है। उन्होंने कहा कि यहां मूलवासी आदिवासी एवं मेहनतकश जनता के हितों को सुरक्षित रखने का कार्य किया जायेगा। कार्यक्रम में मजिस्ट्रेट जय प्रकाश करमाली प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार एस अभिनव, विधायक प्रतिनिधि जगदीश भगत, प्रखंड अध्यक्ष वकील हेंब्रम, प्रखंड उपाध्यक्ष सुखलाल हांसदा, प्रखंड सचिव रतन महतो, प्रखंड कोषाध्यक्ष अम्पा हेम्ब्रम, सतिश सीट, नीलकांत महतो सह लैंपस के शांखो मुर्मू, तपन मार्डी आदि उपस्थित थे।




