कांड्रा : सरायकेला जिले के गम्हरिया प्रखंड की बुरुडीह पंचायत अंतर्गत मां पाउडी स्थान कांड्रा आश्रम में 4.965 लाख रुपये की लागत से बन रही पेवर्स ब्लॉक सड़क का निर्माण कार्य विवादों में घिर गया है. ग्राम प्रधान नरेंद्र महतो ने सड़क निर्माण कार्य में घटिया किस्म की सामग्री का उपयोग एवं अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रश्नचिन्ह लगाया है. वहीं लाभुक समिति के सचिव भैरव गिरि बाबा के अनुसार यह सड़क कौन बना रहा है, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है. उन्होंने मानक के अनुरूप सड़क नहीं बनाने की बात कही. स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू की जगह मिट्टी डालकर सड़क बनाई जा रही है. स्थल निरीक्षण के दौरान देखा गया कि पंचायत स्तर से बन रही पेवर्स ब्लॉक सड़क का लाभुक समिति एवं निगरानी समिति को बिना जानकारी दिए किसी अन्य ठेकेदार द्वारा निर्माण कराया रहा है, जो काफी घटिया किस्म का है. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जाता है कि यहां पर पेवर्स ब्लॉक की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं है एवं बालू की जगह कचरा मिट्टी का प्रयोग किया जा रहा है. वहीं पंचायत की मुखिया से इस संबंध में जानकारी का प्रयास किया गया, तो उन्होंने स्थल निरीक्षण कर जानकारी देने की बात कही. कुल मिलाकर आश्चर्य की बात है कि पेवर्स ब्लॉक सड़क का निर्माण लाभुक समिति द्वारा संपादित किए जाने का प्रावधान है, लेकिन यहां लाभुक समिति को इस संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी ही नहीं है. साथ ही कार्य को बाहर से ठेकेदार बुलाकर संपादित किया जा रहा है. लाभुक समिति सिर्फ कागजों तक ही सीमित है. इससे सड़क की गुणवत्ता पर सवालिया निशान लगना स्वाभाविक है.



