
चाकुलिया : राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से उनके आवास पर जाकर बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उनसे क्षेत्र की स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं के निराकरण करने की मांग की, जिसमें चाकुलिया और बहरागोड़ा सामुदायीक स्वास्थ्य केंद्र में गायनोलॉजिस्ट उपलब्ध कराने और बहरागोड़ा के ट्रामा सेंटर को बेहतर तरीके से संचालन, जगन्नाथपुर में स्वास्थ्य केंद्र बनाने, रामचंद्रपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नियुक्त कर अविलंब चालू करने, गुड़ाबांधा उप स्वास्थ्य केंद्र में अतिरिक्त एक और डॉक्टर की नियुक्ति और चाकुलिया बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड और एक्सरे से संबंधित सभी उपकरण जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है. साथ ही इस दौरान मंत्री को नेताजी सुभाष जयंती के उपलक्ष में आयोजित नेताजी सुभाष मेला सह गूंज महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र भी दिया.

उपायुक्त से मिलकर चाकुलिया -माटिहाना मुख्य सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने पर विचार विमर्श किया : विधायक समीर महंती ने जिला समाहरणालय में उपायुक्त विजया जाधव से मिलकर अपने विधानसभा क्षेत्र के समस्याओं से अवगत कराया और जल्द निराकरण करने की बात कही. विधायक ने चाकुलिया – माटिहाना मुख्य सड़क और धालभूमगढ़ – बेंद होते हुए बंगाल को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर भारी वाहनों के चलने से हो रही सड़क दूर्घटनाओं पर रोक कैसे लगे इस पर सार्थक प्रयास करने के लिए विभाग से पहल करने की बात कही. इस दौरान विधायक ने उपायुक्त को नेताजी सुभाष मेला सह गूंज महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र भी दिया. मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन और अपर उपायुक्त विधि व्यवस्था समेत अन्य उपस्थित थे.



