जमशेदपुर : गोविंदपुर थानांतर्गत घोड़ाबांधा स्थित सहारा ड्रीम नेस्ट हाउसिंग सोसाइटी के निवासियों ने जमशेदपुर के एसएसपी से मिल कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में वहां काम करने वाले कर्मचारियों पर गालीगलौज व मारपीट का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई किये जाने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
सहारा ड्रीम नेस्ट के निवासियों ने एसएसपी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि वहां काम करने वाले कर्मचारियों द्वारा सोसाइटी के निवासियों के साथ गाली-गलौज आये दिन की बात हो गयी है और अब वे मारपीट करने एवं सोसाइटी से भगा देने की धमकी देने पर भी उतारू हो रहे हैं. उन्होंने बताया है कि ये कर्मचारी स्थानीय निवासियों का भय भी दिखाते हैं. उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ उन लोगों ने गोविंदपुर थाना प्रभारी से शिकायत की, जिसके बाद थाना प्रभारी ने वहां पहुंच कर उक्त कर्मचारियों के साथ डांट-डपट की. इतना ही नहीं, उनके आग्रह पर ही उन्होंने कर्मचारियों को आगे ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए एवं पीआर बांड भरवाकर छोड़ दिया. उन्होंने कहा कि इसके दूसरे ही दिन उन कर्मचारियों ने सुबह आठ बजे ही पहुंच कर गाली-गलौज शुरू कर दिया. यही नहीं वे लोग मारपीट करने की धमकी देते हुए घर से बाहर निकलने की धमकी भी देने लगे. इसके बाद उन लोगों ने उनके मेन गेट पर ताला जड़ दिया एवं बाहर निकल कर शोर-गुल व गाली-गलौज करने व जान से मारन की धमकी देने लगे. शिकायत करने पहुंचे सोसाइटी वासियों ने बताया कि इसी बीच गोविंदपुर थाना प्रभारी वहां पहुंच गये, जिन्हें देख हंगामा कर रहे कर्मचारी वहां से भाग गये. सोसाइटी वासियों ने इसके मद्देनजर खुद के साथ कभी भी कुछ हो जाने की आशंका जताते हुए एसएसपी से उक्त कर्मचारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किये जाने की मांग की है ताकि वे शांति पूर्वक रह सकें.



