चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के कालियाम गांव में विगत दिनों हाथी के हमले में अनिल महतो की मौत की सूचना मिलने पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो शनिवार को कालियाम गांव पहुंचे एवं मृतक के आश्रितों से मिल कर घटना की जानकारी ली और दुःख जताया. मौके पर सांसद ने मृतक की पत्नी अंजली महतो, पुत्र दीपंकर महतो और शशांक महतो को श्राद्ध कर्म के लिए 10 हजार रुपए का आर्थिक सहयोग प्रदान किया. मौके पर सांसद श्री महतो ने कहा कि उन्होंने विभाग के केन्द्रीय मंत्री के समक्ष हाथियों की समस्या को रखकर जल्द समाधान करने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
जल्द ही विभाग की उच्चस्तरीय बैठक कर हाथियों की समस्या का समाधान किया जाएगा. मौके पर शतदल महतो, चंदन महतो, पार्थो महतो, सत्या सिंह समेत अन्य उपस्थित थे. इससे पूर्व पुरनापानी गांव में भी सांसद ने गांव के निवासी भाजपा कार्यकर्ता आजाद महतो के पिता के देहांत के बाद परिवार से मिल कर उन्हें सांत्वना दी.




