जमशेदपुर : मुसाबनी थाना क्षेत्र के पारुलिया गांव के श्रीमतडीह टोला की दो महिलाओं की डायन के संदेह में अपहरण के बाद हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. अनुसंधान के क्रम में प्राप्त जानकारियों के आलोक में पुलिस मामले में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि पारूलिया के श्रीमंतीडीह की निवासी दो महिलाओं के गायब होने को लेकर मुसाबनी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आलोक में मुसाबनी थाना में सोमवार 19 मई को एक मामला दर्ज किया गया. बाद में घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित जांच दल को अनुसंधान के क्रम में ग्रामीणों से पता चला कि दोनों महिलाओं को पकड़ कर कुछ लोग उनके साथ मारपीट कर रहे थे. पुलिस ने इस मामले में संलिप्त 5 लोगों को पकड़ कर उनसे पूछताछ की, जिसमें सभी ने महिलाओं की अपहरण के बाद हत्या में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की. पकड़े गए लोगों में डिबरू हांसदा, सोमा बोदरा, मागू हांसदा, चोटका बोदरा एवं सांडिल पूर्ति शामिल थे. पुलिस की गहन पूछताछ में सभी ने मामले में अपनी संलिप्तता कबूल की. (नीचे भी पढ़ेें)
उन्होंने पूछताछ में बताया कि विगत 28 अप्रैल को सोमा बोदरा की दस वर्षीया बेटी श्रीदेवी बोदरा की मृत्यु हो गई थी. उन लोगों को शक था कि उसकी बेटी की मौत में उन्हीं दोनों महिलाओं, पामेला पुर्ती एवं चोको बोदरा के जादू-टोन का हाथ है. इसीलिए उन लोगों ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिल कर दोनों महिलाओं का अपहपरण कर उनकी हत्या कर दी गई एवं दोनों के शवों को गांव से करीब 500 मीटर की दूरी पर गड्ढे में दफना दिया. ग्रामीण एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उक्त जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ के दौरान सामने आये तथ्यों के आलोक में मामले में संलिप्त अन्य आरोधियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं.











