बहरागोड़ा: राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर माटिहाना फ्लाईओवर के समीप शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार शिक्षक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल की पहचान छोटापारुलिया गांव निवासी धीरेंद्र मोहन साऊ के रूप में हुई है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एनएच-1033 एम्बुलेंस को सूचना दी. इसके बाद घायल शिक्षक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा पहुंचाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति और गहरे जख्मों को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीआरएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बारीपदा रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. फिलहाल अज्ञात वाहन की पहचान नहीं हो सकी है. मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.







