जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध उत्पाद विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में निरीक्षक उत्पाद, धालभूम प्रक्षेत्र एवं निरीक्षक उत्पाद, घाटशिला प्रक्षेत्र के नेतृत्व में सिदगोड़ा एवं सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया. छापेमारी के दौरान सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बाबूडीह बस्ती, भुईयांडीह स्थित अवैध चुलाई शराब बिक्री के एक स्थान से बड़ी मात्रा में अवैध चुलाई शराब जब्त की गई. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, सीतारामडेरा थाना अंतर्गत ह्यूमपाइप बस्ती में भी छापेमारी कर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए सीतारामडेरा थाना अंतर्गत मुंडरारी बस्ती, भुईयांडीह में अवैध चुलाई शराब बिक्री के दो स्थानों पर छापेमारी की गई. इस दौरान भी भारी मात्रा में अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. इस प्रकार सिदगोड़ा एवं सीतारामडेरा थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी में कुल करीब 170 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत कुल चार अभियोग दर्ज किए जा रहे हैं. जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा. अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.




