जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला के गुड़ाबांदा थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास और उनकी निशानदेही पर चोरी की 17 मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी जमशेदपुर शहर समेत अन्य जिलों के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देते थे. जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन और मुसाबनी के डीएसपी रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया था. इसका खुलासा करते हुए ग्रार्मीण एसपी ने बताया कि गुड़ाबांदा थाना प्रभारी कुमार सुमित यादव को गुप्त सूचना मिली थी कि ज्वालकट्टा स्थित हरिकीर्तन मंडप और मिलनवीथी हाई स्कूल के पास कुछ युवक चोरी की बाइक के साथ जमा हैं. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन युवकों को तीन वाहनों के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर सुनियोजित तरीके से विभिन्न थाना क्षेत्रों से बाइक और स्कूटी चोरी करते थे. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल 17 मोटरसाइकिल बरामद कीं. गिरफ्तार आरोपियों में प्रभाष महली (28), जयप्रकाश महली उर्फ प्रकाश (22) और सचिन महली (23) शामिल हैं. तीनों गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के चशोल हवेली डुगरीगोड़ा गांव के रहने वाले हैं. पुलिस के अनुसार, इस मामले के अलावा आरोपियों का कोई अन्य आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है. (नीचे भी पढ़ें)
तीन मोबाइल भी बरामद : पुलिस ने आरोपियों के पास से एक एप्पल आईफोन, एक रेडमी स्मार्टफोन और एक पोको स्मार्टफोन भी जब्त किया है. बरामद 17 वाहनों में अधिकांश हीरो स्प्लेंडर प्लस हैं. इसके अलावा पेंशन प्रो और होंडा साइन बाइक भी बरामद हुई हैं. इस मामले में गुड़ाबांदा में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. पुलिस अब बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों और विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से इनका मिलान कर रही है. छापेमारी दल में डीएसपी रोहित कुमार रजवार, थाना प्रभारी कुमार सुमित यादव, पुलिस अवर निरीक्षक मिथिलेश कुमार मौर्य, राजेश कुमार यशदा, सहायक अवर निरीक्षक गोयंदा उरांव, मुन्नी कुमार समेत गुड़ाबांदा थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे. वहीं गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है.




