
हाता : आदिवासी भूमिज समाज पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था के तत्वावधान में संपन्न तीन दिवसीय आवासीय कार्यशाला की समीक्षा बैठक मंगलवार को पर्यावरण चेतना केंद्र बड़ासिगदी में हुई। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों व वक्ताओं ने कार्यशाला को सफल बताया। उन्होंने कहा कि समाज के लोंगो ने स्वतः चावल, सब्जी सहित आर्थिक सहयोग किया। कार्यशाला में कोल्हान प्रमंडल से ग्राम प्रधान 32, दिगार 7, घटवाल 5, नाया 28, डाकुवा 30, पानीगिराई 19, शासन प्रहरी 7 तथा अनेक युवा शामिल हुए। समीक्षा बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यशाला में पारित 24 प्रस्तावों को कोल्हान के तीनों जिलों के सभी गांव में एक एक प्रति भेजी जायेगी। ग्राम प्रधान गांव में बैठक कर प्रस्ताव लागू करने की अपील करेंगे। (नीचे भी पढ़ें)
कार्यशाला में विभिन्न स्थानों से आए स्वशासन प्रतिनिधियों ने जुड़ी दरबार टाड़ी के महत्व की प्रशंसा की। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वशासन कार्यशाला में युवाओं की अच्छी भागीदारी को देखते हुए पुनः 2 एवं 3 नवबंर को जुड़ी में ही पूरे कोल्हान प्रमंडल के केवल युवाओं के लिए दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यशाला में पारंपरिक स्वशासन से संबंधित युवाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी दी जाएगी। बैठक में समाजसेवी सिधेश्वर सरदार, हरिश सिंह भूमिज, बासंती सरदार, सुदर्शन भूमिज, मानिक सरदार, शुभंकर सिंह भूमिज, जयपाल सिंह भूमिज, हाड़ीराम सरदार, मालती सरदार समेत अन्य उपस्थित थे।






