जमशेदपुर : झारखंड के गिरिडीह के पचंबा थाना पुलिस ने जमीन और मकान बेचने के नाम पर 1,69,67,001 रुपये की कथित ठगी के मामले में जमशेदपुर निवासी अनूप कुमार राय को गिरफ्तार किया है. गुरुवार देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर जमुआ थाना क्षेत्र के टीकामघा में घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को उसकी कार सहित दबोच लिया. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस के अनुसार, अनूप कुमार राय के खिलाफ झारखंड समेत विभिन्न राज्यों में धोखाधड़ी के 40 से अधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, यह मामला पचंबा थाना क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी राजीव रंजन की शिकायत पर दर्ज किया गया है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने तीन सहयोगियों के साथ मकतपुर बरगंडा स्थित श्यामकुंज के पास की जमीन और मकान का सौदा अनूप कुमार राय से 2.25 करोड़ रुपये में किया था. 19 जून 2022 को बिक्री संबंधी एग्रीमेंट हुआ था, जिसके समय 51 लाख रुपये एडवांस दिए गए. (नीचे भी पढ़ें)
बाद में अलग-अलग किस्तों में कुल 1,69,67,001 रुपये का भुगतान किया गया. शिकायत के अनुसार, अनूप कुमार राय ने संपत्ति पर अपने अधिकार के समर्थन में 10 दिसंबर 1976 की एक पंजीकृत वसीयत प्रस्तुत की थी. दस्तावेजों की जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं को पता चला कि आरोपी की जन्मतिथि 22 जुलाई 1978 है. आरोप है कि जन्म से पहले की वसीयत का हवाला देकर करोड़ों रुपये की ठगी की गई. जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित जमीन और मकान का एग्रीमेंट पहले ही रामदेव सिंह के साथ किया जा चुका था. इस संपत्ति से जुड़ा विवाद गिरिडीह नगर थाना और एसडीएम कोर्ट में पहले से लंबित है. पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




