चाकुलिया : सरकार सबरों के उत्थान के लिए विभिन्न प्रकार की योजना लाकर सबर परिवार को उपलब्ध करा रही है ताकी सबरों का जीवन स्तर उपर उठ सके. इसी कड़ी में सरकार द्वारा उज्जवला योजना के तहत प्रखंड के कई सबर परिवार को गैस-सिलेंडर और चूल्हा निःशुल्क उपलब्ध कराया गया. इस योजना के तहत उपलब्ध कराए गए गैस-सिलेंडर और चूल्हा इन दिनों सबर परिवार के घरों की शोभा की वस्तु बनी हुई है. वही कई सबर परिवार तो इस योजना से मिले गैस सिलेंडर और चूल्हा को किसी के पास बंधक रख दिया है या वे बेच दिया है. प्रखंड के मातापुर सबर टोला के एक सबर परिवार से बात करने पर उसने बताया कि उसे योजना का लाभ मिला है परंतु गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमत के कारण वे गैस-सिलेंडर नहीं भरा पाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उक्त सबर परिवार ने बताया की साल में सिर्फ तीन माह बरसात के समय वे किसी तरह गैस-सिलेंडर भरवाते है बाकी महीने वे जंगल से लकड़ी लाकर लकड़ी से ही चूल्हा जलाकर भोजन बनाते है. उक्त सबर परिवार ने बताया की गैस चूल्हा और सिलेंडर तो सरकार ने उपलब्ध करा दिया है परंतु गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत के कारण वे बराबर गैस सिलेंडर नही भरवा पाते हैं. कहा कि एक गैस सिलेंडर की कीमत 1150 रूपए है. वे गैस सिलेंडर भरवाएंगे तो महीना भर परिवार का भरण पोषण कैसे होगा. कहा कि बरसात के दिनों में सुखी लकड़ी नही मिलने के कारण वे किसी तरह बरसात के दिनों में गैस सिलेंडर को भरवाते है बाकी के दिनों में गैस सिलेंडर और चूल्हा घर के किसी कोने में पड़ा रहता है और यह घर की शोभा बढ़ाती है.












