जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव स्थित हीरा ईंट भट्ठा के मुंशी 50 वर्षीय जय कुमार महतो ने बुधवार रात को भट्ठा परिसर स्थित एस्बेस्टस मकान में लोहे की पाइप में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मामले की जानकारी मिलने पर बोड़ाम पुलिस ने गुरुवार सुबह उसका शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. वह मानगो उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई का रहने वाले था और भट्ठा में रहकर ही कामकाज देखता था. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में दिवंगत मुंशी के पुत्र के लिखित आवेदन पर बोड़ाम थाना में यूडी केस दर्ज किया गया है. आवेदन में बताया गया है कि उनके पिता की मौत संदिग्ध परिस्थितियों हुई है. उसने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. इस संबंध में बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है. उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराकर शव देर शाम परिजनों को सौंप दिया गया है. सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच के आधार पर इस घटना का कारण पारिवारिक कलह होने की आशंका जताई जा रही है.




