जमशेदपुर : पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जिला मानसिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत ‘स्वस्थ मन-स्वस्थ तन’ पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रजनी महाकुड़, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुकांत सीट एवं मनोचिकित्सक ड़ दीपक कुमार गिरि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ रजनी ने बताया कि मानसिक तनाव के कारण जिन्दगी को खत्म नहीं करना चाहिए, बल्कि जिन्दगी की नयी शुरुआत करनी चाहिए. मनोचिकित्सक डॉ दीपक कुमार गिरि ने मानसिक तनाव, डिमेंसिया तथा मानसिक स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से बताया. डॉ गिरि ने उपस्थित वृद्धजनों की नि:शुल्क सामान्य मानसिक स्वास्थ्य सम्बन्धी जांच कर उनका उपचार एवं उचित परामर्श भी दिया. उन्होंने बताया कि हर माह के तीसरे मंगलवार को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत नि:शुल्क शिविर का आयोजन किया जाता है.(नीचे भी पढ़ें)
डॉ गिरि ने बताया कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के एनसीडी क्लिनिक में 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्गों की नि:शुल्क मधुमेह तथा रक्तचाप जांच की जाती है. इस शिविर को सफल बनाने में क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ स्मिता हेम्ब्रम, मनोचिकित्सीय परिचारिका ताजिन कुल्लू, पवन कुमार, पीएलवी चयन मण्डल, डोबो चाकी, सुनीता, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अनामिका सिंह तथा प्रखंड लेखा प्रबंधक मनोज कुमार ने अहम योगदान किया.











