जमशेदपुर : पटमदा थाना क्षेत्र के बिड़रा और माचा गांवों में चोरों ने एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी है. शुक्रवार देर रात अज्ञात चोर छह बकरे-बकरियों की चोरी कर फरार हो गए. चोरी के दौरान चोरों ने घरों के दरवाजों की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी, ताकि परिवार के सदस्य बाहर निकलकर उनका विरोध नहीं कर सकें. जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच की है. चोरों ने सबसे पहले डांगा निवासी बिरिंची महतो के घर को निशाना बनाया और वहां से दो बकरे तथा एक बकरी चोरी कर ली. इसके बाद बिड़रा निवासी पोटू गोराई के घर से एक बकरा और एक बकरी तथा माचा निवासी सुधीर गोप के घर से एक बकरा लेकर फरार हो गए. इस दौरान चोरों ने बिड़रा निवासी सलावत महतो और स्वपन गोराई के घरों में भी चोरी का प्रयास किया. दोनों घरों के दरवाजों की कुंडी काटकर बाहर से बंद कर दी गई थी. हालांकि, घर के सदस्यों को इसकी भनक लग गई और उनके शोर मचाने पर चोर मौके से भाग निकले. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जाता है कि चोर पूरी तैयारी के साथ गांव में पहुंचे थे. उन्होंने कटर की मदद से दरवाजों की कुंडी काटी और घरों में रखे पशुओं को बाहर निकालकर अपने साथ ले गए. ग्रामीणों का अनुमान है कि चोर किसी कार या पिकअप वाहन से पहुंचे थे और चोरी के बाद उसी वाहन से फरार हो गए. शनिवार सुबह चोरी की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने पटमदा थाना प्रभारी को सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस देर रात मुख्य सड़क से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की जानकारी भी जुटा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

एक ही रात पांच घरों को निशाना बनाए जाने से इलाके के ग्रामीणों में काफी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे रात के समय घरों में घुसकर पशुओं की चोरी कर रहे हैं. ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरों का पता जल्द लगाने और चोरी गए पशुओं की बरामदगी की मांग की है.












