घाटशिला : घाटशिला प्रखंड कार्यालय परिसर में रविवार को विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से विधिक सेवा सशक्तीकरण शिविर आयोजित किया गया. शिविर में एसीजेएम सुशीला सोरेंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं. शिविर में लाभुकों को संबोधित करते हुए उन्होंने महिलाओं को सलाह दी कि कोई भी समस्या हो तो न्यायालय में लोक अदालत आयोजित की जाती है, उसमें अपनी समस्या को रखें, उसका जल्द से जल्द निदान किया जाएगा. इसके अलावा उन्होंने महिला अधिकारों की भी जानकारी दी. शिविर में विभिन्न योजना मद से 4 करोड़ 65 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया. इसमें कृषि विभाग की ओर से 19 किसानों को 8 लाख 40 हजार के केसीसी ऋण का वितरण किया गया. मनरेगा योजना के तहत बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 19 लाख 50 हजार एवं 44 लाख बाल विकास परियोजना कार्यालय की ओर से सावित्रीबाई फुले कृषि समृद्धि योजना के तहत 20 लाभुकों के बीच 80 हजार रुपये वितरित किये गये. इनके अतिरिक्त अन्य कई योजनाओं का लाभ भी उपस्थित ग्रामीणों को प्रदान किया गया. शिविर में मुख्य रूप से जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू, उप प्रमुख गोपाल कृष्ण अग्रवाल, बीडीओ कुमार अभिनव, प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रह्लाद प्रुष्टि, कल्याण पदाधिकारी संजय शाह समेत कई लोग उपस्थित थे.











