गालूडीह : घाटशिला प्रखंड की हेंदलजुड़ी पंचायत स्थित आमडांगा गांव में श्मशान घाट व नदी किनारे जाने के लिए सड़क नहीं है. इससे बड़ी आबादी प्रभावित होती है एवं ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क दोनों ओर से झाड़ियों से भर गई थी. गुरुवार को ग्रामीणों ने खुद सफाई अभियान चलाकर झाड़ियों की साफ-सफाई की. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में समस्या और गंभीर हो जाती है. कच्ची सड़क पर पानी भरने और कीचड़ जमा होने से शव का अंतिम संस्कार करने के लिए जाने वाले लोगों को कठिनाई होती है. सड़क निर्माण के लिए कई बार जन प्रतिनिधियों से मांग की गई, लेकिन पहल नहीं हुई. उन्होंने बताया कि गांव के प्रकाश माझी की जमीन से धरनी माझी की जमीन तक सड़क की स्थिति दयनीय हो गई है. कच्ची सड़क के दोनों ओर झाड़ियां भर गई थीं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था. इसीलिए ग्रामीणों ने झाड़ियों की सफाई की. इन झाड़ियों के कारण गांव में किसी का निधन होने पर पार्थिव शरीर को श्मशान घाट तक ले जाना मुश्किल हो जाता है. हम बरसात में भगवान से प्रार्थना करते हैं कि गांव में किसी की मौत ना हो. ग्रामीणों ने कहा कि यहां सड़क बननी जरूरी है. कोई ध्यान नहीं दे रहा. इससे बड़ी आबादी काफी दिनों से प्रभावित है. मौके पर रतन धावड़िया, प्रेम धावड़िया, प्रतीक धावड़िया, राम कुमार धावड़िया, आदित्य धावड़िया आदि उपस्थित थे.













