बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की बनकाटा पंचायत के कैमी गांव में विगत दो महीने से जल मीनार मुख्यमंत्री नल जल योजना के तहत स्थापित ग्रामीण जलापूर्ति योजना खराब है. जिस कारण ग्रामीणों के समक्ष पेयजल की समस्या व्याप्त है. जलापूर्ति योजना की मरम्मत की दिशा में जल एवं स्वच्छता विभाग के पदाधिकारी और पंचायत के जनप्रतिनिधियों द्वारा पहल नहीं की जा रही है. जिससे लोगों में काफी रोष व्याप्त है. ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2019-20 में अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति बहुल टोला में सोलर आधारित जलापूर्ति योजना स्थापित हुई थी, 5 हजार लीटर पानी की क्षमता वाली टंकी और एक हॉर्स पावर का सोलर पंप लगा था. किसी तकनीकी खराबी के कारण दो माह से यह योजना खराब पड़ी है. लोगों ने कहा कि जलापूर्ति योजना की मरम्मत नहीं होने के कारण ग्रामीणों के बीच इन दिनों पेयजल की घोर समस्या व्याप्त है. ग्रामीण पीने के लिए पानी गांव से दूर जाकर ढोकर पानी लाने पर विवश है.



