
चाकुलिया : बंगाल की खाड़ी से उठने वाला चक्रवात यास तूफान के आने की सूचना पर स्थानीय जिला प्रशासन अलर्ट है. बुधवार की सुबह से ही चाकुलिया में यास तूफान का असर दिखने लगा है, आसमान काले बादल से ढका हुआ है और रूक -रूक कर हो रही बारिश और तेज हवा चल रही है इसे देखते हुए प्रखंड के सभी पंचायत सचिव और मुखिया अपने -अपने पंचायतों में लोगों की मदद करने के लिए डटे हुए हैं.
वही बीडीओ देवलाल उरांव और प्रखंड कृषि पदाधिकारी देव कुमार भी लगातार प्रखंड के प्रभावित गांवों का दौरा कर जर्जर मकान में रह रहे लोगों के पास जाकर ग्रामीणों को तूफान के आने की संभावना की जानकारी देकर सरकारी भवन में शरण लेने के प्रति जागरूक करते देखे गये. बीडीओ श्री उरांव जर्जर मकान में रह रहे और किसी अन्य पक्का मकान में शरण लिये लोगों के पास पहुंचकर लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि मौसम विभाग ने सूचित किया है कि जिले में अगले दो दिनों तक तूफान का असर रहेगा. इस कारण अगले दो दिनों तक ग्रामीण सुरक्षित स्थान पर रहकर सुरक्षित रहे किसी प्रकार की परेशानी हो तो पंचायत सचिव या पंचायत के जन प्रतिनिधियों को सूचित करे, प्रशासन द्वारा जल्द ही समाधान किया जाएगा.
चाकुलिया- बहरागोड़ा मुख्य सड़क पर गिरा पेड़, वन कर्मियों ने हटाया

चाकुलिया : चक्रवात तूफान यास के कारण चाकुलिया – बहरागोड़ा मुख्य सड़क पर लौधाशोली गांव के पास एक पेड़ सड़क पर गिर गया. पेड़ गिरने से कुछ देर के लिए सड़क पर परिवाहन बाधित हुआ. पंचायत के दौरे पर पहुंचे पंचायत सचिव ललित शर्मा ने इसकी सूचना प्रखंड मुख्यालय में दी. प्रखंड मुख्यालय और ग्रामीणों द्वारा सड़क पर तेज हवा चलने के कारण सड़क पर पेड़ गिरने की सूचना वन विभाग को दी गई. सूचना पाकर वन कर्मी जाम स्थल पहुंचकर सड़क पर गिरे पेड़ को हटाकर सड़क को जाम मुक्त किया गया. यास तूफान के आहट मात्र से ही पेड़ गिर रहे हैं तो तूफान आने पर यहां का मंजर क्या होगा इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. वही तूफान के आने की सूचना मात्र से ही ग्रामीण सहमें हुए है.











