गालूडीह: ज़िला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू ने वन विभाग के पदाधिकारियों के साथ सोमवार को हाथी प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया. जानकारी के मुताबिक हाथी के हमले में दो ग्रामीण घायल हो गए है. पहली जनवरी की शाम को बांकी पंचायत के दुबराजपुर गांव के निकट जंगल से निकलकर हाथियों का झुंड लेदा गांव होते हुए बांधडीह एवं कालापाथर मौजा में प्रवेश कर गया. जहां भादुआ पंचायत अन्तर्गत छोटाजमुना गांव निवासी बास्ता सोरेन फसल को बचाने के क्रम में हाथी की चपेट में आ गया. हाथी ने उसे पैरों से कुचल दिया. जिसमे वे बुरी तरह से घायल हो गए. लेकिन कीचड़ अधिक होने के कारण हाथी के चंगुल से जैसे तैसे जान बचायी. उनको बचाने के लिए दौड़े बांकी पंचायत अंतर्गत चाकदोहा गांव निवासी पुरनो चंद्र हेम्ब्रम को भी हाथियों ने घायल कर दिया. छोटाजमुना गांव पहुंचकर ज़िला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू और मुखिया फागु सोरेन ने घायल वास्ता सोरेन का हालचाल जाना.(नीचे भी पढ़े)
वन विभाग के पदाधिकारियों ने विभाग के वाहन से बेहतर इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल घाटशिला ले गए. ज़िला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू ने कहा कि सभी को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा. मुखिया फागु सोरेन ने बताया कि क्षतिपूर्ति हेतु किसानों को हुए नुकसान का आकलन किया गया है. घायल वास्ता सोरेन को ले जाने के लिए ग्राम प्रधान अनंत सोरेन ने एम्बुलेंस के लिए 108 नंबर पर डायल किया. लेकिन एम्बुलेंस उपलब्ध नही होने की जानकारी मिली. इससे ग्रामीणों में तीव्र रोष देखा गया. उसके बाद विभाग के पदाधिकारियों ने अपने वाहन से घायल को अनुमंडल अस्पताल घाटशिला लेकर चले गए. रतजगा करते हुए ग्रामीणों ने हाथियों के झुंड को गंधनिया, बल्लाम, आसना, काठशोल, कुदाकोचा होते हुए दुमाह जंगल की ओर खदेड़ दिया. इस मौके मुखिया फागु सोरेन, ग्राम प्रधान अनंत सोरेन, हरिहर हेम्ब्रम, वन विभाग के पदाधिकारी शिवचरण हेम्ब्रम, अमित सेन महतो, कृष्णा टुडू मौजूद थे.



