जमशेदपुर: दृष्टिबाधित व्यक्तियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से एनबेल इंडिया द्वारा दिव्यांग मार्गदर्शन ट्रस्ट के सहयोग से आरडब्ल्यूएस प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम 05 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स कार्यालय, आम बागान साकची में आयोजित हुआ.कार्यक्रम में बेंगलुरु से समीर अहमद एवं जेसी मैडम ने प्रतिभागियों को डिजिटल उपकरणों के प्रभावी संचालन तथा मोबाइल स्क्रीन रीडर के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल स्क्रीन रीडर जेस्चर, सुलभ मोबाइल एप्लिकेशन तथा शिक्षा, दैनिक जीवन, स्वतंत्र गतिशीलता एवं रोजगार में सहायक असिस्टिव टेक्नोलॉजी और उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी गई.(नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम को सफल बनाने में जगन्नाथ बेहरा, पूर्वी घोष, धीरज शर्मा, दीपक शर्मा , नरेश कुमार, अजीत कुमार, राजकुमार सिंह, अंशिका कुमारी, शिल्पी सिंह, प्रिया कुमारी तथा टाटा स्टील फाउंडेशन, सबल सेंटर से मीना देवी, रवि शास्त्री, अमर शर्मा, रीमा भट्टाचार्य, सुनीता एवं जे. बेहरा सहित सभी सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं एवं विद्यालयों के दृष्टिबाधित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. विशेष रूप से दिव्य ज्योति नितिन विद्यालय, नव नेशनल एसोसिएशन ऑफ द ब्लाइंड तथा टाटा स्टील फाउंडेशन सबल सेंटर के बच्चों एवं प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता रही.(नीचे भी पढ़े)
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दृष्टिबाधित व्यक्तियों को आधुनिक डिजिटल तकनीकों से परिचित कराना तथा उन्हें शिक्षा, संचार, रोजगार और दैनिक जीवन में अधिक आत्मनिर्भर एवं सक्षम बनाना था. प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया. कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों, अभिभावकों, सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक दृष्टिबाधित व्यक्तियों तक डिजिटल सशक्तिकरण की पहल को पहुंचाने का संकल्प दोहराया.




