
जमशेदपुर : साकची में पिछले सोमवार को सब्जी विक्रेताओं से रंगदारी वसूली का मामला प्रकाश में आने के बाद मंगलवार को भारतीय जनतंत्र मोर्चा में जेएनएसी के निर्देश को लेकर असंतोष देखा गया. मोर्चा के नेता व कार्यकर्ता बाजार में पहुंचे और सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में जरूरत पड़ी तो आंदोलन तक करने की चेतावनी दी. बताया गया कि बाजार में सब्जी विक्रेताओं से रंगदारी वसूली का मामला प्रकाश में आने के बाद स्थानीय विधायक सरयू राय ने बाजार का औचक निरीक्षण कर जहां इसे रोकने का प्रयास किया, वहीं जेएनएसी के सिटी मैनेजर रवि भारती के द्वारा दुकानदारों को 8:00 बजे तक दुकानें बंद कर पार्किंग को खाली करने का निर्देश दिया गया है. इससे सब्जी दुकानदारों की परेशानी बढ़ गयी है. (नीचे भी पढ़ें व वीडियो देखें)
बताया गया कि यहां पटमदा व अन्य दूरस्थ क्षेत्रों से सब्जी विक्रेता आते हैं. सुबह 8:00 बजे तक ही दुकानें खोलेंगे, तो उन्हें नुकसान उठाना पड़ेगा. ऐसे में जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए दुकानदारों को हमेशा की तरह 11:00 बजे तक दुकानें खोलने की अनुमति देने की मांग की गयी है. साथ ही भाजमो की ओर से कहा गया है कि यदि इस मांग पर ध्यान नहीं दिया जाता है, तो भाजमो दुकानदारों के समर्थन में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा. इस दौरान भाजमो के पूर्वी विधानसभा संयोजक अजय सिन्हा समेत अन्य उपस्थित थे.














