जमशेदपुर : बिरसानगर स्थित प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में विद्यार्थियों के मन में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि, सम्मान एवं संस्कारों का विकास करने के उद्देश्य से सोमवार को ‘संस्कृत सप्ताह’ का शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी आचार्या सुमन लकड़ा, संस्कृत विषय प्रमुख रेणु एवं संस्कृत आचार्या नीरजा ने दीप प्रज्वलित कर किया. यह संस्कृत सप्ताह 20 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक मनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत कक्षा प्रथम से दशम तक के भैया-बहनों के लिए विभिन्न संस्कृत-आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रतियोगिताओं में कक्षा एक के लिए ‘फलानि नामानि सचित्रं लिखतु’ (चित्रकला प्रतियोगिता), कक्षा दो के लिए सुलेख प्रतियोगिता, कक्षा तीन के लिए ‘प्रातः स्मरणम्’ उवाच प्रतियोगिता, कक्षा चार के लिए ‘एकात्मता स्तोत्रम्’ उवाच प्रतियोगिता, कक्षा पांच के लिए संस्कृत गीत प्रतियोगिता, कक्षा छह के लिए सुभाषितानि उवाच प्रतियोगिता, कक्षा सात के लिए ‘भगवद्गीता श्लोक’ उवाच प्रतियोगिता, कक्षा आठ के लिए काव्य वाचन प्रतियोगिता, कक्षा नौ के लिए कथा वाचन प्रतियोगिता तथा कक्षा दस के लिए संभाषणम् प्रतियोगिता का आयोजन होगा. (नीचे भी पढ़ें)
संस्कृत सप्ताह के प्रथम दिन कक्षा एक, दो एवं तीन की प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. इस तरह पूरे सप्ताह विभिन्न कक्षाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. शनिवार को समापन के अवसर पर सभी प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए जाएंगे तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा. विद्यालय का यह संपूर्ण आयोजन संस्कृत विषय प्रमुख रेणु के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हो रहा है. इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार का संकल्प दोहराते हुए विद्यार्थियों को देववाणी संस्कृत के अध्ययन और व्यवहार के लिए प्रेरित किया.














