जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा स्थितआदिवासी +2 उत्क्रमित उच्च विद्यालय में 20 कमरों के निर्माण का शिलान्यास हो गया. शिलान्यास जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने किया. उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008-09 में ही इस विद्यालय में 20 कमरों के निर्माण के लिए 1 करोड़ 30 लाख रूपये का आवंटन हुआ था. करीब ग्यारह (11) वर्ष तक कमरों का निर्माण नहीं हुआ और 20 मई 2019 को बैंक ड्राफ्ट द्वारा 1 करोड 30 लाख रूपया सरकार को वापस लौट गया. (नीचे भी पढ़ें)

10 जनवरी, 2019 को भवन निर्माण विभाग के जमशेदपुर प्रमंडल ने विद्यालय के पुराने भवन को कंडम घोषित कर दिया और अगस्त 2019 में उसे ध्वस्त कर दिया गया. किसी ने यह ध्यान नहीं रखा कि 10 जनवरी 2019 को विद्यालय कंडम घोषित हो गया तो उसे तोड़कर उसके स्थान पर आवंटित राशि से 20 कमरों बनवा दिया जाये. भवन के कंडम घोषित होने के 4 माह बाद 20 मई 2019 को यह राशि सरकार को लौटा दी गई. आश्चर्य है कि जब 1 करोड 37 लाख रूपये की राशि मई 2019 में लौट गई तब इसके बाद पुराने भवन को अगस्त 2019 में तोड़ दिया गया.नतीजा यह हुआ कि नया भवन निर्माण नहीं होने के कारण वहाँ के विद्यार्थी 2019 से आजतक बगल के मुस्लिम हाई स्कूल में पढ़ने के लिये बाध्य हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा से विधायक निर्वाचित होने के बाद स्कूल भ्रमण के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने दिसंबर 2020 में इसके बारे में सरयू राय को बताया तो उन्होंने उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम से बात करके नया भवन के लिए जनवरी 2021 में शिक्षा विभाग को पत्र के माध्यम से प्रस्ताव भेजवाया. इस प्रस्ताव के अनुसार भवन का नक्शा पास हुआ. अगस्त 2021 में इस स्कूल में 20 कमरों बनाने के लिए फिर से 1 करोड 68 लाख 38 हजार रूपये स्वीकृत हुए। कमरों के निर्माण में काफी विलम्ब होने लगा तो विधायक सरयू राय ने गत मार्च में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान यह विषय उठाया. सरकार ने शीघ्र निर्माण कराने का आश्वासन दिया. (नीचे भी पढ़ें)
नतीजा है कि 1 करोड 68 लाख 30 हजार की लागत पर आदिवासी प्लस 2 उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सीतारामडेरा में 20 कमरों का निर्माण का शिलान्यास विधायक सरयू राय ने किया. इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला बरेलिया, जिला अभियंता प्रभाकर, प्रधानाध्यापक छोटन लोहरा, विधायक प्रतिनिधि एसपी सिंह तथा पूर्व प्रधानाध्यापक लाल बहादुर सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. शिलान्यास समारोह में सांसद प्रतिनिधि श्री चन्द्र शेखर मिश्रा, सुधीर सिंह, हरेराम सिंह, अजय सिन्हा, अमित शर्मा, मनोज सिंह उज्जैन, सुमित साहु एवं विवेक पांडे सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे.












