जमशेदपुर : सिख छात्र-छात्राओं के लिए सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) ने ‘सिख विजडम’ के नाम से एक मुहिम शुरू की है, जिसका उद्देश्य है भविष्य के स्कॉलर्स तैयार करना. मंगलवार को सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शिक्षा के विकास को लेकर उनकी पूरी टीम, विशेष कर शिक्षा विंग पूरी तरह मुस्तैद व गंभीर है. भगवान सिंह का कहना है ‘सिख विजडम’ शिक्षा-विकास के क्षेत्र में वरदान साबित होगा एवं भविष्य के स्कॉलर तैयार करेगा. (नीचे भी पढ़ें)

शिक्षा विंग के कुलविंदर सिंह पन्नू और महासचिव अमरजीत सिंह ने बताया कि पिछले दिनों ग्यारहवीं व बारहवीं के सिख बच्चों के लिए जो निःशुल्क कोचिंग की घोषणा की गयी थी, दरअसल उसी मुहिम का नामकरण करते हुए ‘सिख विजडम’ नाम दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
भगवान सिंह ने बताया कि शहर के जानेमाने शिक्षाविद ‘मनप्रीत भाटिया क्लासेज’ के मनप्रीत सिंह भाटिया और ‘मास्टर माइंडस’ के मनदीप सिंह भाटिया ने कोचिंग सेवा देने की सहर्ष सहमति दी है. पंजीकरण की प्रक्रिया अभी भी चल रही है. इच्छुक सिख छात्र-छात्राएं व परिजन 15 जून तक अपने नाम दर्ज करा सकतें हैं. (नीचे भी पढ़ें)
परविंदर सिंह सोहल ने बताया कि जमशेदपुर में सेन्ट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी की ओर से सिख छात्रों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए नि:शुल्क कोचिंग क्लासेस की शुरुआत की जा रही है. शहर के दो प्रतिष्ठित कोचिंग सेंटर के द्वारा छात्रों को शिक्षा दी जाएगी. मनप्रीत भाटिया एवं मनदीप सिंह भाटिया ने विस्तारपूर्वक बताया कि कोचिंग सेंटर की शुरुआत आगामी 18 जून को होगी जहां कक्षा 11 तथा 12 के तीनों स्ट्रीमों के छात्रों का नामांकन यहां लिया जा रहा है,जिसके लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है. अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस कोचिंग सेंटर में उच्च स्तर की शिक्षा के लिए तैयार किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
भगवान सिंह ने बताया कि सिख गुरुओं ने तीन तरह के लंगर की शुरुआत की थी जिसमें भोजन के अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य था, और फिलहाल भोजन के अलावा बाकी दोनों लंगरों में हम पीछे हैं, और अब शिक्षा के लंगर को आगे बढ़ाने हेतु यह पहल की जा रही है. साकची गुरुद्वारा साहिब संचालित स्कूल में कोचिंग सेंटर बनाया गया है, जहाँ कक्षाएं होंगीं. उन्होंने बताया कि पहले चरण में अब तक 100 से अधिक विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है. इसमें हर तबके के सिख विद्यार्थी नि:शुल्क शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने इच्छुक छात्र-छात्राओ से फोन नंबर 9234061313 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण अभी करा लेने को कहा. उन्होंने कहा कि जैसे-जैसै लोगों के विचार प्राप्त होंगे उसके आधार पर प्रतियोगिता परीक्षा एवं जैक बोर्ड के लिए भी कोचिंग क्लासेस की शुरुआत की जाएगी. इस अवसर पर महासचिव अमरजीत सिंह, सलाहकार गुरुचरण सिंह बिल्ला, शिक्षा विंग के कुलविंदर सिंह पन्नू,परविंदर सिंह सोहेल,अमरजीत भामरा, सुखदेव सिंह बिट्टू सहित अन्य लोग उपस्थित थे.











