जमशेदपुर : चारों साहिबजादों की शहीदी को समर्पित शहीदी सप्ताह पर मानगो गुरुद्वारा में आयोजित सफर-ए-शहादत की ओर से संचालित लोकोपयोगी कार्यक्रमों के तहत सोमवार को नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया. इसमें कुल 161 लोगों की जांच की गई जिनमे 42 लोगों में मोतियाबिंद की शिकायत पायी गई. मानगो गुरुद्वारा सिंह सभा की ओर से तमोलिया के पूर्णिमा नेत्रालय के सहयोग से आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में चिह्नित मोतियाबिंद के 42 मरीजों का पूर्णिमा नेत्रालय में मुफ्त ऑपरेशन कराया जायेगा एवं कमजोर दृष्टि वाले लोगों को चश्मे भी प्रदान किये जायेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

पूर्णिमा नेत्रालय के चिकित्सक डॉक्टर ईष्टदेव सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकों के दल ने मरीजों की जांच की जिसमे पूर्णिमा नेत्रालय के मार्केटिंग मैनेजर राजेश राव एवं नर्स रेणु कुमारी ने भी अहम भूमिका निभायी. मानगो गुरुद्वारा के प्रधान सरदार भगवान सिंह ने इस अवसर पर कहा कि दृष्टि दोष वाले व्यक्तियों की नेत्र ज्योति लौटना अत्यंत पुण्य का कार्य है. समाज में ऐसे सराहनीय कार्यों को तन मन और धन से बढ़-चढ़ कर करना चाहिए.



