जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने अपने पटना प्रवास के दौरान बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का दौरा किया. इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की एवं युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार सृजन से जुड़ी पहलों की सराहना की. अपने भ्रमण में श्री केडिया ने बिहार चैम्बर द्वारा चैम्बर भवन में संचालित निःशुल्क कौशल विकास केंद्र का भी अवलोकन किया. इस केंद्र में युवाओं एवं आम नागरिकों को कंप्यूटर प्रशिक्षण, टैली अकाउंटिंग, सिलाई, ब्यूटीशियन प्रशिक्षण जैसी विभिन्न व्यावसायिक दक्षताओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसके अतिरिक्त, बिहार चैम्बर द्वारा निःशुल्क फिजियोथेरेपी एवं फिटनेस सेंटर का संचालन भी किया जा रहा है, जो समाज के विभिन्न वर्गों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष पीके अग्रवाल, महासचिव मुकेश जैन एवं उपाध्यक्ष आशीष शंकर ने श्री केडिया का गर्मजोशी से स्वागत किया. श्री केडिया ने इस आत्मीय स्वागत एवं सहयोग के लिए बिहार चैम्बर के पदाधिकारियों का हार्दिक आभार जताया. भेंट के दौरान दोनों चैम्बरों के बीच पूर्वी भारत में चैम्बर ऑफ कॉमर्स को और अधिक सशक्त बनाने, उद्योगों के विकास, निवेश प्रोत्साहन, कौशल विकास तथा समग्र आर्थिक उन्नति के विषयों पर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई. श्री केडिया ने कहा कि इस प्रकार आपसी सहयोग एवं विचार-विमर्श से क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी और उद्योग जगत को मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि सिंहभूम चैम्बर भविष्य में भी बिहार चैम्बर के साथ मिलकर उद्योग, व्यापार एवं समाज के हित में संयुक्त प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है.











