जमशेदपुर : जमशेदपुर में चेन छिनतई की लगातार बढ़ती घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है. पिछले 24 घंटे के भीतर शहर के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनने की वारदात सामने आई है. ताजा मामला उलीडीह ओपी क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-1 का है, जहां शनिवार तड़के मॉर्निंग वॉक पर निकली आशा रानी षाडंगी को एक उचक्के ने निशाना बनाया. आरोपी पैदल आया और करीब तीन लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपटकर फरार हो गया. घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही बदमाश मौके से भाग निकला. महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोग पहुंचे और उलीडीह पुलिस को सूचना दी. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है. इससे पहले शुक्रवार को सोनारी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से चेन छीनी गई थी. वहीं शुक्रवार शाम साकची थाना क्षेत्र में पुलिस मुख्यालय के समीप बाइक सवार बदमाशों ने भी एक महिला को निशाना बनाया था. लगातार तीसरी घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर सवाल उठने लगे हैं. लोग जल्द कार्रवाई और चेन स्नैचिंग गिरोह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.




