जमशेदपुर: जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत जगदंबा होटल के समीप शर्मा लाइन इलाके में रविवार सुबह चेन छिनतई की घटना से सनसनी फैल गई. घटना सुबह करीब 9:10 से 9:25 बजे के बीच की बताई जा रही है. पीड़िता की पहचान कांति देवी के रूप में हुई है. वह अपनी छोटी बहू पूजा शर्मा के साथ शर्मा लाइन में पूजा करने जा रही थीं. इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने कांति देवी के गले से सोने की चेन झपटे मारकर छीन ली और मौके से फरार हो गए. परिजनों के अनुसार, छिनी गई सोने की चेन की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये है. (नीचे भी पढ़े)
बताया गया कि पूजा शर्मा लगभग रोज इसी रास्ते से पूजा करने जाती हैं.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात को दो युवकों ने अंजाम दिया. दोनों हेलमेट पहने हुए थे और ब्लू रंग की अपाचे बाइक पर सवार थे. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.




