जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो आजादनगर थाना अंतर्गत रोड नंबर 16 स्थित मुस्कान रेसिडेंसी के गार्ड उमाकांत महतो के साथ छिनतई की घटना सामने आई है. उमाकांत महतो मुंशी मोहल्ला, मानगो के रहने वाले हैं और पिछले करीब 15 वर्षों से इसी इलाके में गार्ड का काम कर रहे हैं.बताया जा रहा है कि आज जब उमाकांत महतो मुस्कान रेसिडेंसी की तरफ जा रहे थे, तभी सुनसान गली का फायदा उठाकर स्कूटी सवार दो युवक उनके पास पहुंचे. आरोप है कि दोनों युवकों ने उन्हें बालू में पटक दिया और उनका हाथ मोड़कर पॉकेट से पैसे और जरूरी दस्तावेज निकाल लिए. बताया जा रहा है कि पॉकेट में करीब 1500 रुपये और जरूरी डॉक्यूमेंट्स थे. घटना के दौरान उनका पैंट भी फट गया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर टाइगर मोबाइल के दो जवान पहुंचे. इसके बाद उमाकांत महतो शिकायत दर्ज कराने आजादनगर थाना पहुंचे.(नीचे भी पढ़े)
स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर नेचर पार्क के आसपास सुरक्षा और नशाखोरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क के आसपास अक्सर युवकों के नशा करने की शिकायत सामने आती है और अगर यह स्थिति है, तो पुलिस को ऐसे इलाकों में लगातार गश्ती बढ़ाने की जरूरत है.सुनसान गलियों में इस तरह की घटनाएं लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं. ऐसे में सवाल है कि क्या पुलिस इन इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाएगी, संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई करेगी और नशे के खिलाफ अभियान चलाएगी.फिलहाल पुलिस मामले की शिकायत के आधार पर जांच कर रही है.







