
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के सीएच एरिया स्थित झबरी बस्ती में बुधवार की मध्यरात्रि एक संदिग्ध युवक को चोरी की नीयत से घर में घुसते हुए पुलिस ने रंगेहाथ दबोच लिया. घटना उस समय सामने आई जब स्थानीय निवासी रितेश अग्रवाल के घर में हलचल महसूस होने पर डायल 112 पर सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया. तलाशी के दौरान पुलिस ने एक युवक को घर के कोने में छिपा हुआ पाया, जिसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया. पूछताछ में उसने अपनी पहचान लखन महली उर्फ राजेन्द्र महली उर्फ रवि महली उर्फ टाटा विइला के रूप में बताई. (नीचे देखे पूरी खबर)
वह रांची जिले के बुंडू थाना क्षेत्र अंतर्गत भोजडीह का रहने वाला है. तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिलास और एक छोटा पॉकेट टॉर्च बरामद किया गया, जिससे उसके चोरी की मंशा स्पष्ट हो गई. पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह घर में चोरी करने के इरादे से घुसा था. साथ ही उसने यह भी कबूल किया कि वह पूर्व में भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2025 में वह सोनारी क्षेत्र में स्कूटी चोरी और साईं मंदिर से मुकुट चोरी के मामलों में जेल जा चुका है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.











