जमशेदपुर : जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ ऐहतेशाम वकारीब के निर्देश पर बीती रात पुलिस अधीक्षक (नगर) ने महिला थाना का नियमित निरीक्षण तथा गोविंदपुर थाना का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान थाना अभिलेखों की गहन जांच की गई. इस दौरान लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए. साथ ही अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए थाना में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)

फरार और वांछित अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तारी का निर्देश : इस दौरान सिटी एसपी ललित मीणा ने फरार और वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाने और अनुसंधान में तेजी लाने के निर्देश दिए है. विधि-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए क्षेत्र में नियमित गश्ती और सघन पुलिस कार्रवाई जारी रखने पर भी बल दिया गया. लंबित मामलों के निपटारे में आ रही बाधाओं पर भी चर्चा की गयी और इनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक दिशा – निर्देश दिए गए.
अधिकारियों की जिम्मेदारी : अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के निपटारे में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी साथ ही सभी अनुसंधानकर्ताओं की कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी की जाएगी. सिटी एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण, त्वरित न्यायिक प्रक्रिया व आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए लंबित कांडों का समयबद्ध निप्पादन आवश्यक है.




