जमशेदपुर: महेश मिश्रा ने पावरलिफ्टिंग में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर जमशेदपुर और झारखंड का नाम रोशन किया है.बताते चले जेम्को मिश्रा बगान निवासी बलभद्र मिश्रा के सुपुत्र महेश मिश्रा ने पावरलिफ्टिंग में इतिहास रचने के करीब है. उन्होंने इस उपलब्धि को हासिल कर शहर का मान सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है.इससे पूर्व इन्होंने बंगाल में भी परचम लहराया था. 31 अक्टूबर 2026 को राजस्थान सेवा समिति, गायत्री नगर, टेल्को, जमशेदपुर में आयोजित झारखंड केसरी बेंच प्रेस एवं डेडलिफ्ट चैंपियनशिप 2026 में महेश मिश्रा ने 93 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी असाधारण ताकत का प्रदर्शन किया.प्रतियोगिता में उन्होंने दोहरी सफलता हासिल करते हुए बेंच प्रेस में शानदार 145 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. वहीं डेडलिफ्ट प्रतियोगिता में 182.5 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीतने में सफलता प्राप्त की.(नीचे भी पढ़े)

इतना ही नहीं, महेश मिश्रा ने बेंच प्रेस एवं डेडलिफ्ट दोनों ही प्रतियोगिताओं में ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की. उनका यह प्रदर्शन प्रतियोगिता के सबसे आकर्षक प्रदर्शनों में से एक रहा.इस शानदार उपलब्धि के लिए उन्हें मुख्य अतिथि पुलिस उपाधीक्षक सह अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाज अरुणा मिश्रा के द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया.उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड पावरलिफ्टिंग ऑर्गनाइजेशन जेपीओ, जो पावरलिफ्टिंग स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन पीएसओ से संबद्ध है, के तत्वावधान में किया गया था.महेश मिश्रा की यह उपलब्धि उनके वर्षों के कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है. उन्होंने लगातार अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए यह साबित किया है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर भी झारखंड की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है.झारखंड पावरलिफ्टिंग ऑर्गनाइजेशन की ओर से महेश मिश्रा को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं.












